शुक्रवार, जून 26, 2020

हिमाद्रि तुंग शृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती | कवि जयशंकर प्रसाद को याद करते हुए (भाग 2).... - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh
प्रिय ब्लॉग पाठकों,
   30 जनवरी 1889 को जन्में कवि, नाटककार, लेखक जयशंकर प्रसाद ने कामायनी महाकाव्य के साथ अनेक नाटक, उपन्यास तथा कहानी संग्रह की रचना की थी। चन्द्रगुप्त उनकी अद्वितीय नाट्यकृति है। जिसमें यह प्रसंग है कि यवन आक्रमक सेल्यूकश की सेना आक्रमण हेतु भारत की सीमा पर पड़ाव डाले थी। तक्षशिला की राजकुमारी अलका भारत के सैनिको में उत्साहवर्धन करते हुए कहती है कि हिमाद्रि तुंग श्रृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती, स्वयं प्रभा समुज्जवला स्वतंत्रता पुकारती। इसे सुनें मेरे स्वर में.....


  हिमाद्रि तुंग शृंग से प्रबुद्ध शुद्ध भारती
स्वयं प्रभा समुज्ज्वला स्वतंत्रता पुकारती
अमर्त्य वीर पुत्र हो, दृढ़- प्रतिज्ञ सोच लो,
प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो, बढ़े चलो!

असंख्य कीर्ति-रश्मियाँ विकीर्ण दिव्य दाह-सी
सपूत मातृभूमि के, रुको न शूर साहसी!
अराति सैन्य सिंधु में, सुवाडवाग्नि से जलो,
प्रवीर हो जयी बनो, बढ़े चलो, बढ़े चलो!
                             - जयशंकर प्रसाद

कवि जयशंकर प्रसाद को याद करते हुए (भाग 1).... - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh
प्रिय ब्लॉग पाठकों,
आज मैं यहां चर्चा कर रही हूं कवि जयशंकर के कृतित्व पर ...जयशंकर प्रसाद (30 जनवरी 1890 काशी उत्तर प्रदेश – 15 नवम्बर 1937), हिन्दी कवि, नाटककार, कहानीकार, उपन्यासकार तथा निबन्धकार थे। वे हिन्दी के छायावादी युग के चार प्रमुख स्तंभों में से एक हैं। उन्होंने हिंदी काव्य में एक तरह से छायावाद की स्थापना की, जिसके द्वारा खड़ी बोली के काव्य में न केवल कमनीय माधुर्य की रससिद्ध धारा प्रवाहित हुई, बल्कि जीवन के सूक्ष्म एवं व्यापक आयामों के चित्रण की शक्ति भी संचित हुई और कामायनी तक पहुँचकर वह काव्य प्रेरक शक्तिकाव्य के रूप में भी प्रतिष्ठित हो गया। बाद के प्रगतिशील एवं नयी कविता दोनों धाराओं के प्रमुख आलोचकों ने उसकी इस शक्तिमत्ता को स्वीकृति दी। इसका एक अतिरिक्त प्रभाव यह भी हुआ कि खड़ीबोली हिन्दी काव्य की निर्विवाद सिद्ध भाषा बन गयी। कामायनी, लहर, झरना आंसू, ध्रुवस्वामिनी, स्कंदगुप्त, चंद्रगुप्त  आदि उनकी प्रमुख कृतियां हैं।


सोमवार, जून 15, 2020

गीत : अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का स्मरण करते हुए.... - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

प्रिय मित्रों, टेलीविजन और बॉलीवुड जगत में सफलता के झंडे गाड़ने वाले ख्यातिप्राप्त युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मात्र 34 वर्ष की आयु में 14 जून 2020 रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आखिर क्यों ?????.... प्रश्न संभवतः अनुत्तरित ही रहें।
    अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का स्मरण करते हुए गीत के माध्यम से मेरी यह अभिव्यक्ति प्रस्तुत है, जिसे web magazine युवाप्रवर्तक ने आज 15 जून के अंक में प्रकाशित किया है।
http://yuvapravartak.com/?p=34968

गीत

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का स्मरण करते हुए....
             - डॉ. वर्षा सिंह

जीवन जीना कठिन बहुत है
सहज मृत्यु का आलिंगन।
हंसना मुश्किल काम नहीं है
मुश्किल दुख का अभिनंदनं।

जग में सबसे बड़ा सत्य यह
मृत्यु सुनिश्चित है सबकी,
आना होगा जब आएगी
उसे बुलाए क्यों अब ही,

सहन धैर्य रख करना होगा
अंतर्मन का हर क्रंदन।

संघर्षों के आगे झुकना
नहीं प्रशंसा योग्य कभी,
डटकर पांव जमाए रखना
समझाती है प्रकृति यही,

हार गया वह जिसने खोया
अपनी सांसों का चंदन।

समय उसी के साथ चला
जो चला समय के साथ सदा,
जो घबरा कर रुका राह में
जीवन उसका हुआ वृथा,

कितने भी हों कष्ट कभी तुम
करना मत जीवन भंजन।

लाखों जन्म बिताने पर ही
मिलता मानव जीवन है,
हंता इसका स्वयं बने तो
मुक्त न होता बंधन है,

त्याग निराशा, आशा के प्रति
करते रहो सदा चिंतन।
         -----------------
       21 जनवरी 1986 को पटना में जन्में सुशांत सिंह राजपूत हिन्दी फिल्मों में अभिनेता होने के साथ -साथ थियेटर और टीवी अभिनेता भी थे। ज़ी टीवी पर प्रसारित  ‘पवित्र रिश्ता’ सीरियल की बदौलत राजपूत को काफी लोकप्रियता मिली थी।उन्‍‍‍‍‍‍‍‍होंने भारतीय किक्रेटर एम एस धोनी पर बनी बायोपिक में भी उनका किरदार निभाया था। काय पो चे, शुद्ध देसी रोमांस, छिछोरे, केदारनाथ आदि उनकी लोकप्रिय फिल्में हैं।

#युवाप्रवर्तक
#SushantNoMore
#सुशांत_सिंह_राजपूत
#SushantSinghRajput
#Suicide_is_not_solution
#गीतवर्षा #स्मरण #श्रद्धांजलि

शुक्रवार, जून 05, 2020

विश्व पर्यावरण दिवस पर दस दोहे - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh
मेरे प्रिय ब्लॉग मित्रों, विश्व पर्यावरण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं 🌿🌳🌏💖💛🍀🌴
कृपया पढ़िए वेब मैगज़ीन "युवाप्रवर्तक" में आज दि. 05.06.2020 को प्रकाशित मेरे दस दोहे पर्यावरण पर ...
http://yuvapravartak.com/?p=34353

विश्व पर्यावरण दिवस पर दस दोहे
 
     -  डॉ. वर्षा सिंह

मत भूलो अनलॉक में, लॉकडाउन के लाभ।
स्वच्छ हुआ पर्यावरण, धरा हुई हरिताभ ।।

हम यदि रहें सचेत तो, रहे प्रदूषण दूर।
हमें सुनाई दे सदा, नदियों का संतूर।।

हर्रा, नीम, करंज में, औषधि है भरपूर।
इनके लाभों से सभी, अवगत रहें जरूर।।

पेड़ कटेंगे रोज़ तो, कहां बनेंगे नीड़।
कलरव ना सुन पाएगी, तब ये मानव भीड़।।

मौसम में बदलाव का, मानव जिम्मेदार।
जंगल को छोटा किया, किया शहर विस्तार।।

धुंआ, धूल और गंदगी के समझें नुकसान।
अच्छी आदत डाल के, करें सुरक्षित जान।।

निरा स्वार्थ में डूब कर, जग को रहे बिसार।
जब जग ही मिट जाएगा, व्यर्थ सकल व्यापार।।

धरती तपती जा रही, पिघल रहे हिम शैल।
यह संकट हम रोक लें, और न जाए फैल।।

समय अभी भी शेष है, जो हम जाएं चेत।
वरना कृत्रिम खाद से, सूने होंगे खेत ।।

पर्यावरण सुधार का, प्रण कर लें हम आज।
"वर्षा", जाड़ा, गर्मियां, बदलेंगी अंदाज़।।

             ---------------------

विश्व पर्यावरण दिवस ... दस दोहे - डॉ. वर्षा सिंह


#लॉकडाउन #अनलॉक #कोरोना #विश्व_पर्यावरण_दिवस #युवाप्रवर्तक #दोहा #दोहावर्षा #5जून2020 #WorldEnvironmentDay

सोमवार, जून 01, 2020

आपदा के समय : सुख और दुख - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

सुख-दुख
              - डॉ.वर्षा सिंह

समदुःखसुखः स्वस्थः समलोष्टाश्मकाञ्चनः।
तुल्यप्रियाप्रियो धीरस्तुल्यनिन्दात्मसंस्तुतिः।।14.24।।

श्रीमद् भगवद्गीता के इस श्लोक का अर्थ है.....
जो धीर मनुष्य सुख-दुःख में सम तथा अपने स्वरूप में स्थित रहता है, जो मिट्टी के ढेला, पत्थर अथवा सोना प्राप्त होने पर सदैव समान व्यवहार करता है, जो प्रिय-अप्रिय स्थितियों में तथा अपनी निन्दा अथवा स्तुति में सम रहता है; जो मान-अपमान में तथा मित्र-शत्रु के पक्षमें सम रहता है जो सम्पूर्ण कर्मों के आरम्भ का त्यागी है, वह मनुष्य गुणातीत कहा जाता है

इसी तरह एक और श्लोक है  वं....

उदये सविता रक्तो रक्त:श्चास्तमये तथा।
सम्पत्तौ च विपत्तौ च महतामेकरूपता॥

जिसका भावार्थ कुछ इस प्रकार है....

उदय होते समय सूर्य लाल होता है और अस्त होते समय भी लाल होता है, सत्य है महापुरुष सुख और दुःख में समान रहते हैं॥

 यदि दुख न हों तो सुख की कद्र कौन करेगा। दुख और आपदा का समय हमारे धैर्य और साहस की परीक्षा लेता है।  सेवाभावना से जनहित के कार्यों में संलग्न रह कर इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुआ जा सकता है।
 
          -----------------------------------